सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी।
इतना ही नहीं, गुनाह को छुपाने के लिए दोनों ने शव को घर से 500 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों में ठिकाने लगा दिया। रविवार सुबह शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक मामला बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव का है। मृतक मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और यहाँ रहकर गुजर-बसर कर रहा था। शनिवार रात को उसके घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर पति, पत्नी और उसके कथित प्रेमी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी और उसके प्रेमी ने तैश में आकर व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की साजिश रची। वे रात के अंधेरे में शव को घसीटते हुए जंगल ले गए और झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने जंगल के पास एक अज्ञात शव देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब गहनता से छानबीन की, तो कड़ियों से कड़ियाँ जुड़ती चली गईं।
सोलन के पुलिस अधीक्षक (SP) टी.एस.डी. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की है। आरोपी महिला और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी वैज्ञानिक व फॉरेंसिक पहलुओं को ध्यान में रखकर आगामी तफ्तीश कर रही है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से शांत वादियों वाले कसौली क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि हत्या की मुख्य वजह और उनके बैकग्राउंड का पूरी तरह खुलासा हो सके।