ऋषि महाजन/ नूरपुर पठानकोट–जोगिंदरनगर नैरो गेज रेल लाइन को लेकर 23 तारीख को पालमपुर में होने जा रही रेलवे बोर्ड की राष्ट्रीय स्तर की हेरिटेज बैठक से पहले रेलवे के उच्च अधिकारियों ने नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल का नेतृत्व रेलवे बोर्ड की कार्यकारी निदेशक (हेरिटेज) आशीमा मेहरोत्रा ने किया।
वह भारतीय रेल यातायात सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं। उनके साथ रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, ट्रैक, भवन संरचना तथा यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 23 तारीख को पालमपुर में आयोजित होने वाली बैठक में जोगिंदरनगर रेल लाइन के संरक्षण, प्रबंधन, अपग्रेडेशन और इसके हेरिटेज महत्व को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। यह बैठक राष्ट्रीय स्तर की होगी, जिसमें इस ऐतिहासिक रेल मार्ग को पर्यटन और विरासत के रूप में और अधिक विकसित करने पर चर्चा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन स्टाफ से आवश्यक जानकारियां लीं और कुछ बिंदुओं पर सुधार के संकेत भी दिए। अधिकारियों का कहना है कि यह लाइन हिमाचल की पहचान से जुड़ी हुई है और इसके संरक्षण को लेकर रेलवे गंभीरता से कार्य कर रहा है।
रेलवे के इस निरीक्षण और प्रस्तावित बैठक से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि जोगिंदरनगर रेल लाइन को नया स्वरूप और नई पहचान मिल सकेगी।