ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के नूरपुर उपमंडल के ट्रैक्टर चालकों और पूर्व मंत्री व भाजपा नेता राकेश पठानिया के चालान बंद करने के 15 दिन के अल्टीमेटम के बीच एसपी पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा का बड़ा बयान सामने आया है।
नूरपुर में फरवरी माह की अपराध समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी ने कहा कि ब्यास या खन्नी आदि क्षेत्रों में मशीन के द्वारा खनन करने में अगर कोई ट्रैक्टर पाया जाता है तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में पुलिस चालान करेगी और नियम के तहत मामला भी दर्ज किया जाएगा।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि इस साल दो माह में अवैध खनन मामले में 169 चालान जारी किए हैं। 10 पोकलेन और जेसीबी, 52 ट्रक और डंपर व 107 ट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। खड्डों में मशीन के द्वारा अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सरकारी स्कीमों, पुलों और नहरों आदि को नुकसान न हो इस बात को कड़ाई से सुनिश्चित किया जाएगा।
खन्नी, माजरा और ब्यास के साथ लगते क्षेत्र में लगातार कार्रवाई की है और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही एसपी ने कहा कि अगर सरकारी कार्य में भी किसी ठेकेदार द्वारा अवैध तरीके से रेत और बजरी इस्तेमाल की जाती है तो उस पर भी कार्रवाई होगी।
बता दें कि 27 फरवरी 2026 को ट्रैक्टर चालक पूर्व मंत्री राकेश पठानिया से मिले थे। ट्रैक्टर चालकों ने पठानिया के समक्ष ट्रैक्टरों के चालान का मुद्दा उठाया था। राकेश पठानिया ने भी पुलिस पर ट्रैक्टर चालकों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। साथ ही चालान बंद करने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद एक हजार ट्रैक्टरों के साथ चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
वहीं, एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस जिला क्षेत्र के तहत दो माह में एनडीपीएस के 23 मामले दर्ज किए हैं। इसमें सबसे ज्यादा चिट्टे के केस हैं। आदतन 15 अपराधियों को नजरबंद करने के आदेश प्राप्त हुए हैं। गारबेज एक्ट के तहत भी चालान किए गए हैं। नूरपुर, जसूर, डमटाल, इंदौरा और जवाली में प्लास्टिक यूज न हो और छोटी बोतल न बिके इसके लिए प्रभावी कदम उठाते हुए दो माह में 69 चालान किए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की नोटिफिकेशन के अनुसार हिमाचल में पानी की छोटी बोतल 200 और 250 एमएल सेल प्रतिबंधित है। प्लास्टिक कैरी बैग सेल करना भी प्रतिबंधित हैं। पांच सौ एमएल की बोतल निर्माण में किसी भी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन इसे हिमाचल में बेच नहीं सकते हैं। किसी अन्य राज्यों में जहां प्लास्टिक बैन नहीं है वहां इसे बेचा जा सकता है। पुलिस सेल पर ही कार्रवाई कर सकती है।
एसपी ने कहा कि फरवरी माह में लापता व्यक्तियों की तलाश को चलाए विशेष अभियान के तहत 42 लोगों की बरामदगी की है। साथ ही चोरी और बरगलरी के मामलों में कार्रवाई जारी है। हाल ही में बाइक चोरी के दो मामले सामने आए थे, दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दोनों बाइक बरामद कर ली गई हैं।
साथ ही नूरपुर पुलिस ने दो अन्य बाइक भी बरामद की हैं, जोकि चंबा जिला के चुवाड़ी क्षेत्र से चोरी की थीं। तमात औपचारिकताओं के बाद बाइक चंबा पुलिस को सौंप दी हैं। साइबर फ्रॉड पर कार्रवाई करते इस माह गुजरात से व्यक्ति गिरफ्तार किया है, जोकि बिहार का रहने वाला है।