धर्मशाला। श्री चामुंडा जी-वृंदावन धाम एचआरटीसी एसी बस अब धर्मशाला से चलेगी। वृंदावन के लिए प्रदेश की पहली बस का संचालन अब धर्मशाला डिपो करेगा। पहले नगरोटा बगवां डिपो इसका संचालन कर रहा था।
अब इस बस का रूट धर्मशाला से वृंदावन होगा। हिमधारा एसी बस वाया योल, चामुंडा, नगरोटा बगवां, कांगड़ा, बनखंडी, देहरा, भरवाईं, ऊना, रोपड़, चंडीगढ़, अंबाला, पानीपत, दिल्ली, फरिदाबाद, पलवल, होडल, कोसी और मथुरा चलेगी।
एसी बस धर्मशाला से दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर चलेगी। श्री चामुंडा से 3 बजकर 20 मिनट, नगरोटा बगवां से 3 बजकर 50 मिनट, कांगड़ा से 4 बजकर 40 मिनट, देहरा से 5 बजकर 30 मिनट, ऊना से रात 8 बजे, चंडीगढ़ सेक्टर 17 से रात 11 बजे चलेगी। दिल्ली सुबह 4 बजे, फरीदाबाद सुबह 4 बजकर 40 मिनट और वृंदावन सुबह सात बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी।
वापसी में वृंदावन से शाम 4 बजे धर्मशाला के लिए रवाना होगी। दिल्ली से रात 9 बजे, चंडीगढ़ 43 सेक्टर से रात 2 बजे चलकर सुबह साढ़े चार बजे ऊना पहुंचेगी। देहरा सुबह साढ़े 6, कांगड़ा सुबह साढ़े 7, श्री चामुंडा सुबह साढ़े आठ और धर्मशाला सुबह 9 बजे पहुंचेगी। किराए की बात करें तो धर्मशाला से वृंदावन का 1259 रुपए किराया लगेगा। श्री चामुंडा से करीब 1216, नगरोटा बगवां से 1195, कांगड़ा से 1147, देहरा से 1044, ऊना से 898, नंगल से 863, चंडीगढ़ से 652 और दिल्ली से 235 रुपए किराया लगेगा।
बता दें कि कांगड़ा बस अड्डे पर बुधवार यानी 28 मई को नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने बस को हरी झंडी देकर रवाना किया था। पहले दिन करीब 10 यात्री कांगड़ा से वृंदावन के लिए बस में सवार होकर गए थे। पहले दिन ही पंजाब के नंगल के पास बस पर पथराव हो गया था।