ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के फतेहपुर क्षेत्र की मध्यमवर्गीय परिवार की बेटी महिमा पुत्री बलवंत सिंह ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
वह गांव लुठियाल, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा की रहने वाली हैं। उनका चयन शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत हुआ है।
महिमा ने 10वीं तक पढ़ाई आदर्श ज्ञान पब्लिक स्कूल धौलपुर और 12वीं की पढ़ाई सरकारी स्कूल फतेहपुर से पूरी की है। महिमा ने कहा कि मेहनत से ही सफलता मिलती है।
उन्होंने स्कूल के बच्चों को संदेश दिया कि वे भी मेहनत करें और सेना या अन्य संस्थानों में जाकर देश की सेवा करें।
महिमा दसवीं की टॉपर रही थीं। वह जिस गांव से आती हैं, वहां बस सेवा भी नहीं है। उनके पिता मजदूरी करते हैं। इसके बावजूद महिमा ने मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। आदर्श ज्ञान पब्लिक स्कूल धौलपुर के प्रधानाचार्य सुधीर शर्मा ने महिमा और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।