शिमला। हिमाचल प्रदेश में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पिकअप के खाई में गिरने से मां-बेटे सहित 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसा शिमला जिला के पुलिस थाना रामपुर के तहत तकलेच-देवठी सड़क पर हुआ है। पिकअप दुर्गम क्षेत्र काशापाट जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि शुक्रवार शाम को रामपुर के दत्तनगर के मिल्क प्लांट में दूध देकर पिकअप काशापाट लौट रही थी। शाम करीब साढ़े 4 बजे पिकअप ढंढोल के पास पहुंची तो चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे करीब 500 मीटर नीचे जा गिरी।
हादसे में आशा कुमारी (42) पत्नी सत्य प्रकाश, निवासी कुआनू आनी, उनका पुत्र युगल (10), पिकअप चालक अशोक जैन (32) पुत्र ध्यान जैन, गांव छलटा रामपुर, अभिषेक सानी (23) पुत्र नरसिंह सानी, गांव शरनाल रामपुर, लायक राम (56) गांव पाट रामपुर और नितिन (23) पुत्र मैन सिंह, गांव छलटा रामपुर शिमला की जान गई है। महिला आशा कुमारी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिगेढ़ में बतौर प्रवक्ता अपनी सेवाएं दे रही थी। शुक्रवार को अवकाश के चलते वह बेटे युगल के साथ अपने मायके जा रही थीं। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। हादसे से काशापाट पंचायत में शोक की लहर है। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत मृतकों के परिजनों को फौरी राहत राशि जारी की जाएगी।