ऋषि महाजन/फतेहपुर। पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत रियाली क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में शाह नहर विभाग में कार्यरत बेलदार सतीश कुमार की मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।
बता दें कि मृतक सतीश कुमार मलहन्ता (फतेहपुर) गांव से संबंधित था व शाह नहर में बेलदार के पद पर कार्यरत था। मृतक का 14 वर्ष का सेवाकाल अभी शेष था। रियाली क्षेत्र में ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में सतीश कुमार की जान चली गई। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी और 2 बच्चे हैं, जिनका भविष्य अब अनिश्चितता के बीच खड़ा है।
सगे संबंधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और विभागीय नियमों के अनुसार सभी देय लाभ शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं। फिलहाल पुलिस थाना फतेहपुर की टीम शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।