शिमल। हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती जारी है। भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PST/PET) की समय-सारणी जारी कर दी गई है। शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा 21 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगी। शेड्यूल रेंज वाइज जारी किया गया है। दक्षिण, मध्य और उत्तरी रेंज में कुल 1 लाख 01 हजार 62 अभ्यर्थियों को शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया है।
दक्षिण रेंज के तहत किन्नौर जिला में छोटलू ग्राउंड टापरी में शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें 22 अक्टूबर को महिला और 23 अक्टूबर को पुरुषों के लिए आयोजन होगा। इसमें 976 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सिरमौर में 9646 अभ्यर्थी पसीना बहाएंगे। पीएसटी/पीईटी का आयोजन चंबा ग्राउंड पुलिस लाइन के पास नाहन में होगा। 27 अक्टूबर को महिलाओं के लिए आयोजन होगा। 28, 30, 31 अक्टूबर, 1, 2, 3, 4 और 5 नवंबर को पुरुषों के लिए प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
सोलन में 17 नवंबर को महिलाओं और 18, 19, 20, 21, 22 और 23 नवंबर, 2026 को पुरुषों के लिए पीएसटी/पीईटी का आयोजन किया जाएगा। प्रक्रिया पुलिस लाइन सोलन में आयोजित की जाएगी और 7388 अभ्यर्थी इसमें हिस्सा लेंगे।
शिमला जिला की परीक्षा का आयोजन पुलिस लाइन भराड़ी में होगा और 9151 अभ्यर्थी दमखम दिखाएंगे। शेड्यूल के अनुसार 27 नवंबर को महिलाओं की परीक्षा प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 28, 29, 30 नवंबर, 1,2,3,4 और 5 दिसंबर को पुरुषों की प्रक्रिया पूरी होगी।
उत्तरी रेंज के तहत चंबा जिला में 2, 3, 4 नवंबर को पुरुषों और 5 व 6 नवंबर को महिलाओं की परीक्षा का आयोजन होगा। पुलिस लाइन चंबा में होने वाली इस प्रक्रिया में 8449 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
ऊना में पुलिस लाइन झलेड़ा में पीएसटी/पीईटी का आयोजन होगा। 13, 14 और 15 नवंबर को पुरुषों और 16 नवंबर को महिलाओं के लिए भर्ती आयोजित होगी। इसमें 6326 अभ्यर्थी बुलाए गए हैं।
कांगड़ा जिला में 23145 अभ्यर्थियों को पीएसटी/पीईटी के लिए बुलाया गया है। शेड्यूल के अनुसार 20 से 28 नवंबर, 2026 तक पुरुषों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी। 29, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को महिलाओं के लिए आयोजन होगा। प्रक्रिया पुलिस लाइन धर्मशाला में पूरी की जाएगी।
मध्य रेंज में पांच जिलों के लिए परीक्षा का शेड्यूल जारी हुआ है। लाहौल स्पीति में 23 अक्टूबर को पुलिस लाइन बाशिंग कुल्लू में परीक्षा होगी। इसमें 321 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
हमीरपुर में सिंथेटिक ट्रैक साई अणु में परीक्षा का आयोजन होगा। 27, 28, 30 अक्टूबर को पुरुषों और 31 अक्टूबर को महिलाओं के लिए आयोजन होगा। कुल 6248 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
बिलासपुर में 3, 4 नवंबर को पुरुषों, 5 नवंबर को महिला और पुरुष और 6 नवंबर को महिलाओं के लिए प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रक्रिया लुहणू ग्राउंड बिलासपुर में पूरी होगी। कुल 5637 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
कुल्लू जिला में प्रक्रिया पुलिस लाइन बाशिंग में पूरी होगी। कुल 5681 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। शेड्यूल के अनुसार 12, 13 नवंबर को पुरुषों, 14 नवंबर को महिला और पुरुष, 15 नवंबर को महिलाओं के लिए परीक्षा का आयोजन होगा।
मंडी में 19, 20, 21, 22, 23, 24 नवंबर को पुरुषों, 25 नवंबर को महिला व पुरुष, 26, 27 और 28 नवंबर को महिलाओं के लिए पीएसटी/पीईटी का आयोजन किया जाएगा। जिला में 18094 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
अभ्यर्थियों को निर्धारित ब्रीफिंग और परीक्षा तिथि के अनुसार संबंधित मैदान में पहुंचना होगा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए कुछ जिलों में रिजर्व दिन भी रखे गए हैं।