ऋषिकेश। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद से एक दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार तड़के यहां पर एक यात्री बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस में सवार नौ लोगों की जान चली गई जबकि अन्य 27 घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस गूलर पुल के समीप अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि बस के नदी में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है। मृतकों में बस चालक और परिचालक भी शामिल हैं। वहीं, चार मृतकों की पहचान की कार्रवाई जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 4:50 बजे चौकी गूलर के माध्यम से थाना मुनिकीरेती को बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। बताया गया कि एक यात्री बस गूलर पुल से नीचे नदी में गिर गई है।
सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर थाने की पुलिस, अग्निशमन सेवा नरेंद्रनगर, आपदा राहत दल तथा एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर शुरू किया गया। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवानों की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा के साथ स्थानीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों तथा एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस और बचाव दलों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान चलाते हुए 27 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्स ऋषिकेश भिजवाया।