ऊना। हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है।
जिला रोजगार अधिकारी ऊना, अक्षय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर (SIS INDIA LTD, RTA Hamirpur, HP) द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के कुल 60 नियमित (ऑन रोल) पदों को भरने के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थी ही भाग लेने के पात्र होंगे।
भर्ती के लिए निर्धारित पात्रता और शारीरिक मानदंडों की जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण अथवा अनुत्तीर्ण निर्धारित की गई है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का शारीरिक रूप से स्वस्थ (फिजिकल फिट) होना अनिवार्य है तथा उसकी न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर या इससे अधिक होनी चाहिए। आवेदकों की आयु सीमा 19 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है।
वेतन और कार्यस्थल के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को 18,000 रुपये से लेकर 24,000 रुपये तक मासिक वेतन (ग्रॉस ईपीएफ, ईएसआईसी, ग्रेच्युटी, बोनस और इंश्योरेंस सहित) प्रदान किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को एक महीने के सफल प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के पश्चात बैंकों, एटीएम, मॉल, अस्पतालों, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य इसी तरह के प्रतिष्ठानों में ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।
कैंपस साक्षात्कार के कार्यक्रम के अनुसार, जिले के दो उप-रोजगार कार्यालयों में तिथियां निर्धारित की गई हैं। पहला साक्षात्कार 20 नवंबर 2026 को उप-रोजगार कार्यालय बंगाणा, जिला ऊना में आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात 21 नवंबर 2026 को उप-रोजगार कार्यालय अम्ब, जिला ऊना में साक्षात्कार लिए जाएंगे। दोनों ही स्थानों पर साक्षात्कार की प्रक्रिया प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस कैंपस साक्षात्कार में बढ़-चढ़कर भाग लें। अभ्यर्थी साक्षात्कार के दिन अपने सभी मूल शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, अपना बायोडाटा और अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि हो तो) साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित हों।
साक्षात्कार में आने-जाने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। भर्ती से जुड़ी किसी भी अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 85580-62252 या जिला रोजगार कार्यालय ऊना के दूरभाष नंबर 01975-226063 पर संपर्क कर सकते हैं।