धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। साइंस संकाय को छोड़कर सरकारी स्कूलों के छात्रों का मेरिट में अच्छा प्रदर्शन रहा है। ओवरऑल मेरिट, कॉमर्स, आर्ट्स की मेरिट में सरकारी स्कूलों का दबदबा रहा है।
वहीं, साइंस में निजी स्कूलों ने बाजी मारी है। ओवरऑल मेरिट में 76 छात्रों ने जगह हासिल की है। इसमें सरकारी स्कूलों के 42 छात्र जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। इसमें 33 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। वहीं, निजी स्कूलों के 34 छात्र स्थान हासिल करने में सफल रहे हैं। इसमें 7 छात्र और 27 छात्राएं शामिल हैं।
साइंस में सरकारी स्कूलों के 9 छात्र (3 लड़के और 6 लड़कियां) मेरिट में आए हैं। निजी स्कूलों के 40 छात्र (9 छात्र और 31 छात्राएं) मेरिट में जगह बनाने में कामयाब रहीं हैं। कॉमर्स में सरकारी स्कूलों के 21 छात्र मेरिट में आए हैं। इसमें 3 छात्र और 18 छात्राएं शामिल हैं।
निजी स्कूलों के 15 छात्र मेरिट में आए हैं। इसमें 1 छात्र और 14 छात्राएं हैं। आर्ट्स में सरकारी स्कूलों के 31 छात्रों ने मेरिट में स्थान हासिल किया है। इसमें 6 लड़के और 25 लड़कियां शामिल हैं। निजी स्कूलों की 5 छात्राओं ने मेरिट में जगह बनाई है।
वहीं, इस बार भी मेरिट में लड़कियों ने परचम लहराया है। ओवरऑल मेरिट में 60, साइंस में 37, कॉमर्स में 32 और आर्ट्स में 30 लड़कियों ने जगह बनाई है। लड़कों की बात करें तो ओवरऑल में 16, साइंस में 12, कॉमर्स में 4 और आर्ट्स में 6 छात्र जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।