संगड़ाह। हिमाचल के सिरमौर जिला में दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे में मां और बेटी सहित चार लोगों की जान चली गई है। वहीं, कार चालक घायल है। हादसा श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के डलयाणू गताधार सड़क मार्ग पर पीउलीलाणी के पास हुआ है। बता दें कि कार सवार शिक्षिका अमरा देवी को गत्ताधार की तरफ स्कूल छोड़ने जा रहे थे। कार में शिक्षिका अमरा देवी के अलावा अन्य चार लोग सवार थे। कार अजीत कुमार चला रहा था।
जैसे ही कार पीउलीलाणी के समीप पहुंची तो चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे का पता चलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे में अमरा देवी (52) पत्नी देवराज निवासी गत्ताधार, उनकी पुत्री अराध्या (14) पुत्री देवराज, प्रियंका (14) पुत्री दीपराम ऊंचा टिक्कर, सज्जन सिंह (62) पुत्र थापलू राम ग्राम कजवा की मौत हो गई। वहीं, चालक अजीत कुमार घायल हो गया।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, शवों को खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।