पहलगाम। जम्मू कश्मीर में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। पहलगाम के बैसरन में आतंकियों ने घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों के ग्रुप को निशाना बनाते हुए हरकत की। इसमें 16 पर्यटकों की मौत की पुष्टि हो गई है। साथ ही 10 के करीब घायल हैं। मृतकों का आंकड़ा ज्यादा हो सकता है।
इस हमले में घोड़ों को भी गोलियां लगी हैं। हमला मंगलवार दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट पर हुआ है। हमले के बाद आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन छेड़ दिया। वही, गृह मंत्री अमित शाह भी श्री नगर पहुंच गए हैं। उन्होंने अधिकारियों के साथ हाई लेबल मीटिंग की।
बता दें कि पहलगाम में पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। मार्च में बर्फबारी के बाद तो पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। पहलगाम के एक पहाड़ के टॉप पर ट्रैकिंग के लिए पर्यटक जाते हैं। यह हमला उसी स्थान पर हुआ है। वहां छिपे कायर आतंकवादियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की।
कर्नाटक के शिवमोगा जिले के मंजूनाथ की की पल्लवी ने बताया कि मैं, मेरे पति और बेटा कश्मीर गए थे। हम पहलगाम में थे। मेरे पति मंजूनाथ की मेरी आंखों के सामने मौत हो गई। यह अभी भी एक बुरे सपने जैसा लगता है। हमले के तुरंत बाद स्थानीय नागरिक उनकी मदद के लिए आगे आए और तीन स्थानीय लोगों ने उनकी जान बचाई।
उधर, पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा...उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवार के सदस्यों के साथ हैं। इस जघन्य आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और हम अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की ख़बर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है।
मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों के बजाय अब जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाए, ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं न होने पाएं और निर्दोष भारतीय यूं अपनी जान न गंवाएं।