ऋषि महाजन/नूरपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पूर्व विधायक अजय महाजन के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से हल्द्वानी में कथित जातीय भेदभाव के मामले को लेकर रोष जताया।
कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष भजन गाकर भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। कांग्रेस की लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि उस मानसिकता के विरुद्ध है, जो इंसान को उसकी जाति के आधार पर दूसरे से अलग करती है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में खड़गे की जनसभा के बाद उसी स्थल पर कथित तौर पर हवन-यज्ञ और गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने की घटना गंभीर सवाल खड़े करती है।
महाजन ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच में यह सामने आता है कि ऐसा किसी व्यक्ति की जातिगत पहचान के कारण किया गया, तो यह केवल खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि संविधान की समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा की भावना पर भी सवाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना जांच के किसी व्यक्ति या संगठन को दोषी नहीं ठहरा रही है। वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्यों की स्वतंत्र जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर समरसता के कार्यक्रम करना तभी सार्थक है, जब उनके समानता और मानवता के विचार व्यवहार में भी दिखाई दें। राजनीतिक विरोध किया जा सकता है, लेकिन जातिगत अपमान और सामाजिक भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर संदेश डढ़वाल और योगेश महाजन ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए सामाजिक समानता और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग उठाई।