हमीरपुर। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र (1104) में जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन प्रवेश आवेदन जमा कर सकते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने बताया कि इग्नू दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी विश्वविद्यालय है, जो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे उच्च शिक्षा के इस अवसर का लाभ उठाएं तथा निर्धारित तिथि से पूर्व अपना प्रवेश सुनिश्चित करें।
इग्नू अध्ययन केंद्र के सह समन्वयक संजय कुमार ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं रुचि के अनुसार उपलब्ध कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इग्नू द्वारा जुलाई 2026 सत्र से एमएससी (कम्प्यूटर साइंस) (MSC (CC)) व एमएससी (जलवायु परिवर्तन ) नामक नया स्नातकोत्तर कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जो कम्प्यूटर विज्ञान के क्षेत्र में उच्च शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगा।
प्रवेश से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। इग्नू अध्ययन केंद्र के सह-समन्वयक संजय कुमार ने विद्यार्थियों को अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र आवेदन करने की सलाह दी, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा अन्य असुविधा से बचा जा सके।