ज्वालामुखी। पूरे हिमाचल सहित कांगड़ा जिला में इस बार बरसात ने कहर बरपाया है। कई लोगों के मकान, दुकानें और गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। ऐसा ही मामला ज्वालामुखी सब डिवीजन के तह घलौर पंचायत में सामने आया है।
यहां पर एक व्यक्ति की दुकान का एक हिस्सा बरसात में गिर गया। व्यक्ति का कहना है कि एक तो बरसात ने कहर बरपाया और अब उन्हें नुकसान की रिपोर्ट के लिए प्रताड़ित होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत प्रधान घलौर नुकसान की रिपोर्ट नहीं बना रही हैं, जिससे आगामी प्रक्रिया रुकी पड़ी है।
बता दें कि घलौर पंचायत के वार्ड नंबर एक निवासी प्रवीन कुमार पुत्र स्वर्गीय बिशन दास की 6 सितंबर की बरसात से दुकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रवीन कुमार के अनुसार वह पटवारी के पास रिपोर्ट करवाने के लिए गए, लेकिन पटवारी ने पहले संबंधित पंचायत प्रधान की रिपोर्ट का हवाला देते हुए रिपोर्ट देने से मना कर दिया।
इसके बाद वह प्रधान के पास गए और प्रधान ने कहा कि मैं रिपोर्ट कर दूंगी। प्रवीन कुमार का कहना है कि इसके बाद बार-बार मेरे द्वारा, मेरी पत्नी और बेटे द्वारा बार-बार कहने पर भी आज तक प्रधान ने रिपोर्ट नहीं बनाई है। इसके कारण पटवारी की कार्रवाई रुक गई है। पीड़ित ने पंचायत सचिव को भी लिखित में दिया है लेकिन उसने भी अभी तक कोई जवाब नहीं दिया।
प्रवीन कुमार का कहना है कि प्रधान अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर जानबूझ कर उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने मामले की शिकायत एसडीएम ज्वालामुखी और बीडीओ से भी की है। साथ ही मांग की है कि प्रधान को आदेश करने की कृपा करें कि वह जल्द ही दुकान के क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट बनाकर दें, ताकि हम पटवारी से उसकी रिपोर्ट बनवा सकें।
उधर, घलौर पंचायत प्रधान ममता देवी ने बताया कि प्रवीन कुमार एक बार उनके पास आए थे। मैंने मौका देखकर रिपोर्ट बनाने की बात कही थी। इसके बाद वह कभी उनके पास आए ही नहीं।
एक बार प्रवीन कुमार का बेटा रास्ते में मिला तो मैंने कहा कि रिपोर्ट बना देती हूं, लेकिन उसने मना कर दिया और कहा कि पापा (प्रवीन कुमार) किसी और रिपोर्ट से बनाएंगे। प्रधान ने कहा कि अगर वह घर नहीं आना चाहते तो पंचायत घर में आ सकते हैं। रिपोर्ट बनाने के लिए मना नहीं है।