चंबा। हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही पहाड़ों से आफत बरसने लगी है। चंबा जिला के भरमौर उपमंडल में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है।
यहाँ बन्नी माता मंदिर में माथा टेककर लौट रहे श्रद्धालुओं की चलती कार पर अचानक पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान आ गिरी। इस भीषण हादसे में कार की छत चीरकर अंदर घुसे पत्थर की चपेट में आने से 14 वर्षीय मासूम बच्ची (दीक्षिता) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र से दो परिवार दो अलग-अलग गाड़ियों में बन्नी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए चंबा आए थे। सोमवार को जब वे दर्शन करने के बाद वापस धर्मशाला लौट रहे थे, तभी ढकोग-बणी मार्ग पर अचानक भूस्खलन (Rockslide) हुआ।
देखते ही देखते पहाड़ी से एक विशालकाय चट्टान सीधे श्रद्धालुओं की कार पर आ गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन के भीतर बैठी 14 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
चीख-पुकार सुनने के बाद स्थानीय लोग और पंचायत प्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ियों की मदद से मलबे और क्षतिग्रस्त कार से घायलों तथा बच्ची को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी भरमौर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और प्रभावित परिवार को सुरक्षित वापस भेजने के इंतजाम किए गए हैं। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी करते हुए पहाड़ी रास्तों पर सफर करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।