नारकंडा। शिमला जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बागी से नारकंडा की ओर जा रही एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में सोलन जिला के 20 वर्षीय युवक ने अपनी जान गंवा दी, जबकि उसके पांच साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा शाम करीब 6:35 बजे पेश आया। स्थानीय निवासी दिनेश रोठा ने बताया कि वह उस समय अपने घर पर ही थे, जब उन्होंने एक कार को सड़क छोड़कर सीधे खाई में जाते देखा। चीख-पुकार सुनकर वह तुरंत अपने कामगारों के साथ ढलान की ओर दौड़े।
नीचे पहुँचने पर उन्होंने देखा कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। दिनेश ने तुरंत पुलिस और बचाव दल को सूचित किया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।
कार में कुल छह लोग सवार थे, जो सभी जिला सोलन के रहने वाले थे। चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। मृतक की पहचान सूरज (20 वर्ष):पुत्र ज्ञान चंद, निवासी बंदला, कंडाघाट (जिला सोलन) के रूप में हुई है।
गाड़ी में सवार अन्य पांच दोस्तों को आनन-फानन में सिविल अस्पताल ठियोग ले जाया गया, जहाँ उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए IGMC शिमला रेफर कर दिया है।
घायलों में कदल (23), निवासी अर्की, चेतन (21), निवासी कुनिहार (अर्की), पलक (21), निवासी कसौली, पारुल (19), निवासी कंडाघाट, हर्ष (21), निवासी अर्की शामिल हैं।
कोटखाई पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी दिनेश रोठा के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।