ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिले के गंगथ में जय बाबा क्यालू जी महाराज के महा दंगल का आगाज हो गया है। महा दंगल का आगाज शोभायात्रा के साथ हुआ। इसमें इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन, महा दंगल कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों, 25 पंचायतों के प्रधानों, 25 छिंज कमेटियों के प्रधानों और सदस्य आदि ने भाग लिया।
जय बाबा क्यालू जी महाराज महा दंगल के सचिव प्रबंधन सुनील गुप्ता ने बताया कि पहले दिन आज सोमवार को हिमाचल पहलवानों के लिए दंगल का आयोजन किया गया। इसमें पहले इनाम के तौर पर बाइक दी गई।
साथ ही 35 चरोटी और 400 गागर भी इनाम में दीं। तीन जून को लड़कियों का दंगल होगा। इस दिन हिमाचल प्लानिंग कमीशन के डिप्टी चेयरमैन कैबिनेट रैंक भवानी पठानिया मुख्यातिथि होंगे।
लड़कियों की छिंज में भारत का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुकी 10 महिला पहलवान भाग लेंगी। इस दिन पहला इनाम कार, दूसरा बुलेट दी जाएगी। इसके अलावा हर महिला पहलवान चाहे वो जीते या हारे को जय बाबा क्यालू जी महाराज के आशीर्वाद के तौर पर एक-एक गागर दी जाएगी।
महिला पहलवानों के ठहरने की व्यवस्था कमेटी करेगी और आने जाने का किराया भी दिया जाएगा। चार जून को ओपन दंगल होगा। इसमें बड़ी माली बाइक रखी गई है। साथ ही 150 चरोटी बांटी जाएंगी। पांच जून को आमंत्रित पहलवानों का दंगल होगा।
इसमें ईरान और भारत के अन्य राज्यों से पहलवान आ रहे हैं। महाराष्ट्र से 12 पहलवान भाग लेंगे। पहलवानों को आने-जाने का किराया कमेटी की तरफ से दिया जाएगा।
साथ ही ठहरने की व्यवस्था भी कमेटी करेगी। इस दिन पहला इनाम ट्रैक्टर रखा गया है। पांच जून को कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार मुख्यातिथि होंगे। साथ ही इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।