एग्जिट पोल से खुश हो ले भाजपा, 8 दिसंबर को बनेगी कांग्रेस की सरकार
ewn24news choice of himachal 07 Dec,2022 12:06 am
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान बोले- गलत हो जाते हैं सर्वे
शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनाव की मतगणना 8 दिसंबर को होनी है। विधानसभा चुनाव को लेकर बीते दिन एग्जिट पोल जारी किए गए जिसमें ज्यादातर पोल भाजपा के पक्ष में हैं, लेकिन कांग्रेस जीत दर्ज करने का दावा कर रही है।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि जो सर्वे आए हैं चंद लोगों से बात कर ये सर्वे किए गए हैं। 55 लाख की जनता में से 20 हजार सैंपल लेकर ये सर्वे किए गए हैं। इस आधार पर राय बनाना सही नहीं है। सर्वे पहले भी गलत हो चुके हैं। विधानसभा चुनावों मे प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ रोष देखने को मिला है।
भाजपा ने राष्टीय मुद्दों पर चुनाव लड़ा जबकि कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ा है। कर्मचारियों को ओपीएस देने का कांग्रेस ने वादा किया है इसके अलावा रोजगार देने की बात की है और जनता का समर्थन भी कांग्रेस को मिला है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल से भाजपा खुश होना चाहती है तो एक दिन खुश हो ले।
एग्जिट पोल पूरी तरह से सही नहीं होते हैं यह गलत भी साबित होते हैं। कांग्रेस का जो अपना सर्वे है उसमें प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है और 42 सीटें कांग्रेस जीत रही है जिसको लेकर कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लिया गया है। आठ दिसंबर को परिणाम सामने आएंगे और प्रदेश में कांग्रेस बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएंगे। कांग्रेस इसको लेकर पूर्ण रूप से आश्वस्त है।