मंडी : क्रिसमस मनाने मनाली जा रहा था परिवार, खाई में गिरी कार
ewn24news choice of himachal 26 Dec,2022 12:36 am
चालक की गई जान, दंपत्ति सहित दो बच्चे घायल
सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने के लिए पर्यटकों का आना-जाना लगा हुआ है। इसी बीच पर्यटकों से भरी एक कार सड़क हादसा की शिकार हो गई। ये हादसा मंडी जिला के सुंदरनगर में हराबाग के पास पेश आया है।
क्रिसमस मनाने मनाली जा रहे पर्यटकों की कार चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईव 21 पर अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई जबकि कार में सवार दंपत्ति सहित दो बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार किशोर बाई मोतियानी निवासी अहमदाबाद (गुजरात) से क्रिसमस मनाने मनाली जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार (HR61C-8597) चंडीगढ़-मनाली एनएच 21 पर हराबाग के पास पहुंची तो चालक चेतक सिंह का बैलेंस बिगड़ गया और कार पैराफिट से टकराने के बाद नाले में जा गिरी।
स्थानीय लोगों को घटना का पता लगा तो उन्होंने तुरंत घायलों को सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया जहां पर डॉक्टरो ने चालक के चेतक सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।