धर्मपुर के मंडप में भारी बारिश से तबाही : बाढ़ में बहा पुल, नाले में अटकी पोकलेन
ewn24news choice of himachal 12 Jun,2023 1:57 am
धर्मपुर। मंडी जिला के धर्मपुर और लडभड़ोल क्षेत्र में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। धर्मपुर उपमंडल के मंडप में ग्यूण द्रूमण नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ के कारण इस सड़क पर बना अस्थायी पुल बह गया। नाले में आए पानी के तेज बहाव में पुल निर्माण के लिए रखी पोकलेन भी बह गई और थोड़ी दूर जाकर नाले में अटक गई।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पोकलेन को बाहर निकाला गया। इसके अलावा पुल के निर्माण के लिए लगाई गई शटरिंग में इस्तेमाल लोहे की करीब 175 प्लेटें भी नाले में बह गई हैं। पुल बहने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रात को बादल फटा है इसलिए इतनी तबाही हुई है, वहीं प्रशासन ने बादल फटने से इनकार किया है। ठेकेदार संजय निराला ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से यह ठेका उनको मिला है। बारिश के कारण उनको भारी नुकसान हुआ है।
इस बारे में तहसीलदार धर्मपुर रजत सेठी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद पटवारी हल्का को मौके पर भेज गया है और रिपोर्ट देने को कहा है। उसके बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।
वहीं, एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने बताया कि अधिकारियों के अनुसार मूसलाधार बारिश के कारण ही नाले में पानी अधिक आने के चलते नुकसान हुआ है। यहां बादल नहीं फटा है।