शिमला समरहिल भूस्खलन : अब तक 8 लोगों के मिले शव, बाकी की तलाश जारी
ewn24news choice of himachal 15 Aug,2023 12:44 am
सुबह मलबे की चपेट में आकर गिर गया था मंदिर
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समरहिल में हुए हादसे में अब तक 8 लोगों के शव निकाले गए हैं। इसमें दो बच्चियां, एक महिला और 5 पुरुष हैं। शवों को आईजीएमसी ले जाया गया है। बाकी लोगों की तलाश को सर्च ऑपरेशन जारी है।
बता दें कि राजधानी शिमला में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। सावन के अंतिम सोमवार के दिन लोग समरहिल में शिव बावड़ी के पास शिव मंदिर में भोलेनाथ के दर्शनों और पूजा-अर्चना के लिए आए थे। यहां भारी बारिश के चलते अचानक भूस्खलन हुआ और ये मंदिर भी उसकी चपेट में आ गया। करीब 20 से 25 लोग मलबे में दब गए।
भूस्खलन की सूचना मिलने के बाद शिमला के पुलिस स्टेशन बालूगंज और पुलिस चौकी समरहिल से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। पर बार-बार भूस्खलन होने के चलते इसमें मुश्किल हो रही है। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के समरहिल में हुए भारी भूस्खलन के बाद चलाए गए बचाव अभियान के दौरान घटना स्थल का दौरा कर राहत व पुनर्वास कार्यों का जायज़ा लिया।
मुख्यमंत्री लगभग डेढ़ घंटे तक घटनास्थल पर रुके तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों को बचाव कार्यों में और तेज़ी लाने के लिए कहा। राहत एवं बचाव कार्यों में सेना के साथ-साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस एवं होम गार्ड के जवान और स्थानीय लोग शामिल हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा सावन के महीने का आखिरी सोमवार होने के चलते लोग समरहिल के शिव मंदिर में आए थे तथा एकाएक यहां भू-स्खलन हो गया जिसके कारण मलबे में कई लोगों के दबने की आंशका है।
बताया जा रहा है की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के कई प्रोफ़ेसर भी इस मंदिर में हुए भूस्खलन में दब गए हैं। ये आईटी विभाग, और मैथेमेटिक्स के प्रोफेसर बताए जा रहे हैं। लोग यही दुआ कर रहे हैं कि सभी सही सलामत निकल जाएं। फिलहाल एचपीयू के कर्मचारी व शिक्षक लापता हुए अपने साथियों को तलाशने के लिए उनसे संपर्क करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
दरअसल समरहिल और बालूगंज के समीप शिव बावड़ी के साथ जिस शिव मंदिर में मलबा गिरा है वह HPU के नज़दीक है। शिव बावड़ी के इस क्षेत्र में ज्यादातर HPU के छात्र और टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ रहता है।