प्रियंका गांधी शिमला पहुंची, कल मुख्यमंत्री के साथ धर्मशाला होंगी रवाना
ewn24news choice of himachal 10 Dec,2023 8:08 pm
सुक्खू सरकार के एक साल के जश्न में लेंगी भाग
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार सुबह शिमला पहुंची। 11 बजे वे शिमला से छराबड़ा के लिए निकलीं। प्रियंका आज छराबड़ा में अपने घर पर ठहरेंगी। कल सुबह यानी 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ उनका धर्मशाला जाने का कार्यक्रम है। धर्मशाला में 11 दिसंबर को सुक्खू सरकार 1 साल का कार्यकाल पूरा होने का जश्न मनाएगी, जिसमें कांग्रेस हाई कमान के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
बता दें कि सुक्खू सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला पुलिस ग्राउंड में कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को राजस्व मंत्री ने सर्किट हाउस धर्मशाला में बैक-टू-बैक बैठकें कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से तैयारियों का ब्यौरा लिया। उन्होंने सभी विभागों की जिम्मेदारियां सुनिश्चित कर अधिकारियों को उन्हें समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गाड़िया धर्मशाला में आएंगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का एक साल होने पर पूरी सरकार सहित प्रदेश भर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां आएंगे। इस दौरान ट्रैफिक बिलकुल सुव्यवस्थित हो, जिससे आने वाले अतिथियों के साथ स्थानीय लोगों को भी कोई दिक्कत न हो।
व्यवस्था परिवर्तन का एक साल कार्यक्रम के लिए पूरे धर्मशाला को सुंदर तरीके से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सजावट के लिए सभी जरूरी दिशा-निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं। इस दौरान सजावट के साथ-साथ साफ-सफाई की ओर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।