सुभाष चौहान/ज्वालामुखी। ज्वालामुखी के समीपवर्ती क्षेत्र बरेटी पंचायत के रैन्खा में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तपती गर्मी से राहत दिलाने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए ठंडे और मीठे पानी की छबील लगाई।
सिहोरपांई पंचायत की पूर्व प्रधान बबली देवी और स्थानीय निवासी तरसेम चौधरी ने इस मौके पर जानकारी देते हुए बताया कि रैन्खा और मत्याल वार्ड के सभी ग्रामीण मिलकर हर साल इस पुनीत कार्य का आयोजन करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस मुख्य सड़क से रोज़ाना सैकड़ों लोग और गाड़ियां गुज़रती हैं। इस भीषण गर्मी में राहगीरों को थोड़ी राहत और ठंडक पहुंचाने के उद्देश्य से हम हर वर्ष आपसी सहयोग से यह सेवा करते हैं। सेवा के इस कार्य से न केवल आत्मिक शांति मिलती है, बल्कि समाज में भाईचारे का संदेश भी जाता है।
छबील के दौरान यहां से गुजरने वाले हर छोटे-बड़े वाहन को रोककर लोगों को आदर सहित ठंडा पानी पिलाया गया, जिसकी राहगीरों ने भी खूब सराहना की। इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और युवा सेवा करते नजर आए।