ऋषि महाजन/नूरपुर। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के ममूह-गुरचाल वार्ड नंबर-3 से जिला परिषद प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार ने अपने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे सुरेन्द्र कुमार को क्षेत्रवासियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने लोगों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि वे किसी बड़े नेता के फोटो या राजनीतिक दिखावे के सहारे चुनाव नहीं लड़ रहे, बल्कि आम जनता के समर्थन और भरोसे के दम पर मैदान में उतरे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और उन्हें पूरा विश्वास है कि लोग उन्हें भारी समर्थन देकर विजयी बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के साथ-साथ बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बनी हुई है, जिस पर आज तक गंभीरता से काम नहीं हुआ। यदि जनता उन्हें मौका देती है तो युवाओं के रोजगार, मूलभूत सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “रोजगार और जनसेवा ही मेरी पहचान बनेगी।”
जनसंपर्क अभियान के दौरान सुरेन्द्र कुमार ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि वे जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं तथा इलाके की हर छोटी-बड़ी समस्या से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की जीत होगी।
उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना होना चाहिए। सुरेन्द्र कुमार ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे उन्हें समर्थन दें ताकि जनहित और विकास के कार्यों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा सके।