ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा घाटी ट्रैक पर एक बार फिर ट्रेन की छुकछुक सुनने को मिलेगी। नवरात्र के पहले दिन 11 अक्टूबर, 2026 को पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर ट्रेन की आवाजाही शुरू होगी। पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर चार जोड़ी ट्रेनें चलेंगी। अब तक की जानकारी के अनुसार तीन जोड़ी ट्रेनें बैजनाथ पपरोला-ज्वालामुखी और पठानकोट रूट पर दौड़ेंगी। साथ ही एक जोड़ी ट्रेन बैजनाथ पपरोला से जोगिंद्रनगर के बीच चलेंगी।
रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक फिटनेस मिलने के बाद ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। सूत्रों के अनुसार बरसात के कारण आवाजाही बंद होने से पहले जिस टाइम टेबल से ट्रेन चलती थी, उसी समय ट्रेनें चलेंगी। पठानकोट से बैजनाथ पपरोला के लिए पहली ट्रेन सुबह 5 बजे रवाना होगी और 12 बजे बैजनाथ पपरोला पहुंचेगी। पठानकोट से दूसरी ट्रेन सुबह 7 बजे चलेगी और दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर बैजनाथ पपरोला पहुंचेगी।
बैजनाथ पपरोला से पठानकोट के लिए दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर पहली ट्रेन रवाना होगी। दूसरी ट्रेन पठानकोट के लिए 3 बजकर 40 पर चलेगी। बैजनाथ पपरोला से ज्वालामुखी रोड के लिए सुबह 10 बजे ट्रेन रवाना होगी।
बैजनाथ पपरोला से जोगिंदर नगर के लिए ट्रेन सुबह 8 बजे चलने की संभावना है। यह ट्रेन जोगिंदर नगर साढ़े 9 बजे पहुंचेगी। जोगिंद्रनगर से ट्रेन 12:50 पर वापसी पर चलेगी और बैजनाथ पपरोला में 2:30 पर पहुंचेगी। रेलवे स्टेशन के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रेलवे ने अभी ट्रेनों की आवाजाही शुरू करने की घोषणा की है। रेलवे स्टेशन पर अभी टाइम टेबल की जानकारी नहीं मिली है। उक्त टाइम टेबल में बदलाव भी हो सकता है।
बता दें कि बरसात के चलते ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर ट्रेन की आवाजाही बंद पड़ी थी। इसके कारण लोगों को फिर मायूसी हाथ लगी थी। ट्रेन बरसात में बंद हो जाती है, यह सिलसिला काफी साल से चला हुआ है। लोगों की मांग है कि इसका कोई स्थाई हल निकाला जाए।
https://www.facebook.com/share/v/1KKuKbCyRA/