हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में असिस्टेंट स्टाफ नर्स की नौकरी का इंतजार खत्म हो गया है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने 312 पदों को भरने के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। पद निदेशक, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान, हिमाचल प्रदेश के अधीन भरे जाने हैं। पात्र महिला उम्मीदवारों से 29 अगस्त,2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन का वेब लिंक 30 जुलाई को सुबह 10 बजे से 29 अगस्त 2026 रात 11.59 मिनट तक खुला रहेगा। यह अधिसूचना आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवाई जा रही है।
इन पदों के लिए केवल महिला उम्मीदवार पात्र होंगी। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से 50 फीसदी अंकों के साथ बीएससी नर्सिंग या 50 फीसदी अंकों के साथ जीएनएम (A ग्रेड नर्सिंग डिप्लोमा) जरूरी है।
न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा क्रमशः 21 और 45 वर्ष होगी। इसकी गणना 01 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए 800 रुपए परीक्षा शुल्क लगेगा। साथ ही करेक्शन फीस 100 रुपए लगेगी।