शाहपुर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल स्थित बोह वैली (Boh Valley) में मंगलवार सुबह करीब 11:02 बजे घटी प्राकृतिक आपदा के विनाशकारी आंकड़े सामने आए हैं।
बादल फटने के बाद आए मलबे और बाढ़ के तेज बहाव ने आवासीय संपत्तियों, सरकारी अवसंरचना और पशुधन को भारी नुकसान पहुँचाया है।
आपदा में कुल 18 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जिनमें 13 पक्के और 5 कच्चे मकान शामिल हैं।
गाँव में स्थित 1 प्राइमरी स्कूल की पूरी इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ढह गई है।
कुल 9 गौशालाएं (Cowsheds) पूरी तरह जमींदोज हो गई हैं। इसके साथ ही 2 भैंसें, 4 गायें, 1 बैल और 1 भेड़ सहित कई मवेशियों की मलबे में दबने या पानी में बहने से मौत हुई है।
घटना में 3 महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें तुरंत निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार व डॉक्टरी सहायता दी जा रही है।
प्रशासनिक टीमें आपदा स्थल पर पहुँच चुकी हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के साथ-साथ राहत सामग्री और आपातकालीन आर्थिक/चिकित्सकीय सहायता पहुंचाई जा रही है। लोक निर्माण विभाग और एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्र में रास्ते व स्थिति बहाल करने में जुटी हुई हैं।