ऋषि महाजन/नूरपुर। लगातार बारिश के बीच पठानकोट-बैजनाथ नैरोगेज रेल सेवा को मंगलवार से तत्काल प्रभाव से तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
रेलवे विभाग ने ट्रैक पर कई स्थानों पर पत्थर और मलबा आने से रेलमार्ग के असुरक्षित होने के कारण एहतियातन यह फैसला लिया है। फिलहाल शुक्रवार तक ट्रेनों का संचालन स्थगित कर दिया गया है। इसके बाद स्थिति की समीक्षा कर ही अगला निर्णय लिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पठानकोट से बैजनाथ के लिए रवाना हुई ट्रेन संख्या 52465, जो सुबह 4:45 बजे चली थी, उसे कांगड़ा में ही रोक दिया गया। वहीं दूसरी ट्रेन संख्या 52467, जो सुबह 6:45 बजे पठानकोट से रवाना हुई थी, उसे बीच रास्ते से वापस पठानकोट लौटा दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रैक पर पत्थर और मलबा आ गया है, जिससे रेल संचालन जोखिम भरा हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल सेवा को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में चक्की पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद यह रेल सेवा लंबे समय तक प्रभावित रही थी। करीब एक माह पहले ही पठानकोट–बैजनाथ रेलखंड पर दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू हुआ था, जिससे क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिली थी। लेकिन अब एक बार फिर बारिश ने इस नैरोगेज रेल सेवा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।
रेलवे सूत्रों कि माने तो अब ट्रैक की पूरी तरह जांच और आवश्यक मरम्मत के बाद ही ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। फिलहाल यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन संचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।