ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर की अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पिछले 24 घंटों के दौरान विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं पुलिस जिला नूरपुर के एसपी कुलभूषण वर्मा ने किया। उनके साथ डीएसपी ने ब्यास नदी क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं औचक चेकिंग की। क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रशरों का भी गहन निरीक्षण कर नियमानुसार जांच सुनिश्चित की गई।
विशेष अभियान के दौरान अवैध खनन/परिवहन में संलिप्त कुल 21 वाहनों (ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर) को खनन अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त किया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु न्यायालय में भेजा गया है। बता दें कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने हेतु संवेदनशील क्षेत्रों खन्नी, माजरा, रेय पत्तन, रियाली मंड, इंदौरा मंड एवं भोगरवान में लगातार गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है।
अवैध खनन के अनधिकृत परिवहन को रोकने के उद्देश्य से रेय पत्तन–रेहटपुर बेल्ट के संपर्क मार्गों पर गड्ढे खोदकर अवैध वाहनों की आवाजाही को प्रभावी रूप से बाधित किया गया है।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अवैध खनन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।