ऋषि महाजन/नूरपुर। जिला स्तरीय नागनी माता मेले का शुभारंभ आज श्रद्धा, आस्था एवं पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने भव्य शोभायात्रा में भाग लेकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले हमारी समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की देव संस्कृति और आस्था अत्यंत समृद्ध है तथा नागनी माता मंदिर के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि 2 माह तक चलने वाले इन मेलों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों और मंदिर कमेटी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने मंदिर कमेटी से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन मंदिर कमेटी को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
उपायुक्त ने मंदिर परिसर एवं सराय भवन में किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर के दोनों मुख्य प्रवेश द्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन एवं मंदिर कमेटी से यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने विभिन्न विभागों से भी आह्वान किया कि वे मेले जैसे आयोजनों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी ने उपायुक्त हेमराज बैरवा को शॉल, हिमाचली टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज, एसडीएम अरुण शर्मा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा, नायब तहसीलदार गगन सिंह, बीडीओ अशोक कुमार, बीएमओ डॉ. दिलवर सिंह, मंदिर कमेटी के प्रधान विशाल कटोच, ग्राम पंचायत नागनी की प्रधान शैलजा कटोच, उपप्रधान किशोर सिंह, मंदिर सेवा दल के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।