सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सेब का सीजन समाप्त होने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर चार अज्ञात लोगों ने 85,000 रुपये की नकदी लूट ली। पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में सघन अभियान शुरू कर दिया है।
पीड़ित व्यक्ति शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में काम करता था। सेब सीजन खत्म होने पर वह अपने घर नेपाल जाने की तैयारी कर रहा था। पीड़ित के अनुसार, शिमला में उसकी मुलाकात नेपाली मूल के ही एक अनजान व्यक्ति से हुई, जिसने उसे सोलन से नेपाल तक गाड़ी की व्यवस्था करवाने का झांसा दिया। दोनों शिमला से सोलन पहुंचे।
सोलन पहुंचने पर संबंधित व्यक्ति पीड़ित को पैदल घुमाने के बहाने मोहन पार्क की ओर ले गया। पार्क के पास पहले से ही तीन अन्य आरोपी घात लगाए मौजूद थे। वहां पहुंचते ही चारों आरोपियों ने पीड़ित पर हमला कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसकी गाढ़ी कमाई के 85,000 रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत सोलन पुलिस स्टेशन पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया। शिकायत मिलने पर पुलिस टीम हरकत में आ गई है। घटनास्थल और मोहन पार्क के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के भागने के रूट और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।