चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार रात को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है।
पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-154ए) पर बनीखेत के समीप छतरी मोड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 800 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना का शिकार हुआ वाहन रात के समय चंबा की तरफ से आ रहा था। छतरी मोड़ के पास पहुंचते ही चालक ने अचानक वाहन पर से संतुलन खो दिया। कार सड़क से नीचे लुढ़कते हुए 800 फीट गहरी खाई को पार कर चौहड़ा जोड़ने वाली निचली सड़क पर जाकर रुकी।
हादसा इतना खौफनाक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही डलहौजी के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मयंक शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला जा सका।
प्रारंभिक शिनाख्त के अनुसार, दोनों मृतक चंबा जिले के सरू क्षेत्र के रहने वाले थे। परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। डीएसपी मयंक शर्मा ने पुष्टि की है कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत छानबीन शुरू कर दी है।