शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 20 जून, 2026 की अपडेट के अनुसार 21 और 22 जून को हिमाचल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य के कुछ अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
अपडेट के अनुसार 21 जून को किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों को छोड़कर बाकी जिलों में एक दो स्थानों पर आंधी/बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। 22 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के लिए येलो अलर्ट जारी है।
पिछले 24 घंटे में मनाली, कुफरी, सुन्नी, सराहन, रामपुर, शिमला, बंजार, शिलारो आदि में बारिश हुई है। सुंदरनगर, कुफरी और शिमला में तड़ित/ गर्जना रही है। तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में कुछ स्टेशनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आई है। शुक्रवार को पांवटा साहिब का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
हिमाचल प्रदेश में जून माह में 20 जून तक सामान्य से 15 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। बिलासपुर में 64, चंबा में 22, हमीरपुर में 29, कांगड़ा में 12, कुल्लू में 23, लाहौल स्पीति में 41, मंडी में 27, सिरमौर में 26 और ऊना में 9 फीसदी कम बारिश हुई है। किन्नौर में 41, शिमला में 15 और सोलन में 17 फीसदी अधिक मेघ बरसे हैं।