किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला में रविवार शाम एक दुखद हादसा हुआ है। भाबानगर क्षेत्र के डेट-सुंगरा के पास दो युवकों की खाई में गिरने से जान चली गई। घटना के कारणों को लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान भाबानगर (निचार) निवासी अंकित और पानवी निवासी संजीव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंकित का शव सड़क से करीब 10 मीटर नीचे खाई में मिला, जबकि संजीव का शव लगभग 120 फीट गहरी खाई से बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों के शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
प्राथमिक दृष्टि में इसे एक सड़क दुर्घटना या अनियंत्रित होकर गिरने का मामला माना जा रहा है। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने घटना को संदिग्ध बताया है। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के असली कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक पैदल थे या किसी वाहन से गिरे अथवा यह किसी आपसी विवाद का नतीजा तो नहीं।