कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश सरकार के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पंचरुखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले श्री साई यूनिवर्सिटी बैंड के समीप नाकाबंदी के दौरान दो आरोपियों को 25.37 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों दबोचा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम विशेष गश्त पर थी तभी दोनों आरोपी संदिग्ध अवस्था में वहां घूम रहे थे। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से प्रतिबंधित चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान पलविंदर सिंह (उम्र 39 वर्ष, निवासी दवावाल कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब) और ऋषभ कुमार (उम्र 35 वर्ष, निवासी अवेरी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा) के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पंचरुखी में एनडीएंडपीएस एक्ट (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल, पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।