शाहपुर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के अंतर्गत बोह वैली (Boh Valley) की ऊपरी पहाड़ियों में बादल फटने (Cloudburst) से भारी तबाही हुई है।
इस घटना के बाद नदी-नालों में उफान के साथ भारी मात्रा में मलबे का बहाव (Debris Movement) शुरू हो गया, जिससे निचले इलाकों में हड़कंप मच गया।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (HP State Emergency Operation Centre) की सिचुएशन रिपोर्ट के अनुसार यह घटना आज (21 जुलाई 2026) घटी है।
ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, सपेड़ा (Sapeda) और गरघून (Garghoon) गांवों में करीब 6 मकान पूरी तरह से पानी के तेज बहाव में बह गए हैं।
स्पेडू (Spedu) गांव के कई मकानों में भारी मात्रा में मलबे का बहाव होने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। मलबे और पानी की तेज गति को देखते हुए पास का लाम (Lam) गांव भी खतरे की जद में आ गया है। गनीमत ये है कि अभी तक घटना में किसी प्रकार के जानी नुकसान (Loss of Life) की खबर नहीं है।
सूचना मिलते ही एसडीएम शाहपुर (SDM Shahpur) पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में बचाव अभियान चला आपदा पीड़ितों की मदद के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी मौके पर भेजा जा रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) कांगड़ा द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।