अंकित चौधरी, सूरज प्रकाश डिंपू/हरिपुर। देशभर में गरमाए नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की गूंज अब हिमाचल प्रदेश के देहरा विधानसभा क्षेत्र तक पहुँच गई है।
दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुए पुलिस बल प्रयोग से स्थानीय युवाओं में गहरा रोष व्याप्त है। हरिपुर की एक युवती ने कड़े शब्दों में कहा कि हमें अपनी मेहनत का जवाब चाहिए। हम यह बिल्कुल नहीं चाहते कि सरकार लाठीचार्ज और उत्पीड़न के दम पर हमें चुप करवा दे।
दिल्ली की घटना के विरोध में देहरा के हरिपुर में युवाओं की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे नीट अभ्यर्थियों और युवाओं के आंदोलन का पूर्ण समर्थन किया गया। युवाओं ने निर्णय लिया है कि जल्द ही हरिपुर के सड़कों पर एक विशाल रोष रैली निकाली जाएगी।
बैठक में युवाओं से अपील की गई कि वे केवल सोशल मीडिया (Digital Campaigns) तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर उतरकर इस न्याय की लड़ाई से जुड़ें।
गौर हो कि नीट धांधली और दिल्ली में सोमवार को हुए संसद मार्च के दौरान लाठीचार्ज के बाद पूरे देश में माहौल गरमाया हुआ है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उठ रही यह आवाज़ अब गांव-कस्बों तक फैल रही है।