फतेहपुर। भारतीय नौसेना के होनहार अधिकारी राजन शर्मा को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्य, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के लिए कमांडर के पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के बाद उन्हें उनके वर्तमान कार्य क्षेत्र विशाखापत्तनम में ही तैनाती मिली है।
राजन शर्मा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की तहसील फतेहपुर के गांव छतर के निवासी हैं। उनके पिता सोम दत्त शर्मा बीएसएफ से इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और उनकी माता कमला शर्मा एक गृहिणी हैं। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और समर्पण से देश सेवा के उच्च पदों तक पहुंचा जा सकता है। राजन शर्मा की यह पदोन्नति क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है और उन्होंने गांव व जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।