कांगड़ा। नशा तस्करी में संलिप्त जवाली निवासी व्यक्ति और उसके परिवार की 95 लाख रुपए से अधिक मूल्य की अवैध संपत्ति पर कानूनी हथौड़ा चला है।
कांगड़ा पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गौरव कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी चलवाड़ा, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा द्वारा कथित रूप से नशा तस्करी से अर्जित 95,67,741 रुपए की संपत्ति को फ्रीज करने में सफलता प्राप्त की गई है।
उक्त आरोपी गौरव कुमार एवं इसके सहयोगियों से दिनांक 03 अकटूबर 2025 को जिला कांगड़ा की विशेष टीम द्वारा 1.006 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी, जिसके संबंध में पुलिस थाना नगरोटा बगवां में अभियोग संख्या 151/25 पंजीकृत किया गया था।
इसके उपरांत जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा अभियोग में शामिल आरोपियों की वित्तीय जांच की गई। जांच के दौरान गौरव कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी चलवाड़ा, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा तथा इसके पिता विजय कुमार एवं जीजा धुन्धी के नाम पर कथित रूप से नशा तस्करी से अर्जित 95,67,741 रुपए की संपत्तियां पाई गईं।
इस पर प्रभारी पुलिस थाना नगरोटा बगवां द्वारा दिनांक 22 अप्रैल 2026 को उक्त संपत्तियों के संबंध में फ्रीजिंग आदेश जारी किए गए, जिनकी पुष्टि दिनांक 22 मई 2026 को सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली द्वारा कर दी गई है।
क्र0स0 संपत्ति का विवरण संख्या
1. आवासीय मकान 2
2. भूमि 2
3. महिंद्रा गाड़ी 1
4. स्विफ्ट डिजाईर गाड़ी 1
उक्त आरोपियों को अब सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना इन संपत्तियों के विक्रयअथवा हस्तांतरण से प्रतिबंधित किया गया है।
इससे पूर्व बैजनाथ निवासी नशा तस्कर सोनिया राणा की 96,77,350 रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। वर्तमान कार्रवाई के साथ अब तक कुल 1,92,45,091(One Crore Ninety Two Lakh Forty Five Thousand and Ninety One only) की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति फ्रीज की गई है।
जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों एवं उनके अवैध रूप से अर्जित संसाधनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी है। आम नागरिकों से अपील है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।