ऋषि महाजन/जवाली। कांगड़ा जिला में पुलिस थाना जवाली के तहत नगरोटा सूरियां पंचायत में एक व्यक्ति ने लोहे की पाइप से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की जान ले ली।
आरोपी ने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी परिवार के साथ कथोली-नगरोटा सूरियां रोड पर किराये के कमरे में रह रहा था।
पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां में प्रधान ग्राम पंचायत नगरोटा सूरियां ने पुलिस को सूचना दी गई कि नगरोटा सूरियां रेलवे स्टेशन के पास कथोली-नगरोटा सूरियां रोड पर सतपाल निवासी कथोली की बिल्डिंग में किराए पर रहने वाले प्रवासी सोनू ने अपनी पत्नी लक्ष्मी की लोहे की पाइप से पीट-पीट कर जान ले ली।
हादसे की खबर मिलते ही उनकी बेटी काजल में ससुराल से तुरंत मायके पहुंची। यहां पिता से पूछा तो उसने कहा कि मां को हार्ट अटैक आया है जिसकी उसकी मौत हो गई। कुछ ही देर में बेटी को सारा मामला पता लगा कि उसके पिता ने नशे में धुत्त होकर उसकी मां की जान ली है।
घटना की सूचना मिलेती ही त्वरित कार्यवाही करते हुए SDPO जवाली वीरी सिंह एवं SHO पुलिस थाना जवाली ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपी को तुरंत काबू किया गया।
फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। मृतका लक्ष्मी के शव को पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया। आरोपी सोनू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया। आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।