शाहपुर। कांगड़ा जिला के राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में बीबीए,बीसीए व पीजीडीसीए पाठ्यक्रम शुरू हो गया है। पाठ्यक्रम शुरू होने से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। छात्रों को अपने क्षेत्र में ही व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत ने बीबीए,बीसीए व पीजीडीसीए पाठ्यक्रम शुरू होने की पुष्टि की है।
प्राचार्य डॉ. विश्वजीत ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया महाविद्यालय आए थे। उस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया था कि कॉलेज में शीघ्र ही बीबीए,बीसीए और पीजीडीसीए की कक्षाएं शुरू करवाई जाएंगी। प्राचार्य समस्त प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री व विधायक का आभार जताया है।