सुभाष चौहान/ज्वालाजी। आरएनटी पब्लिक हाई स्कूल रैंखा में 'इको क्लब फॉर मिशन लाइफ' के अंतर्गत ई-वेस्ट मैनेजमेंट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा प्रबंधन) गतिविधि का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और ई-कचरे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।
आयोजन के दौरान विद्यालय के तीनों सदनों—जागृति, ज्योति एवं कीर्ति सदन के विद्यार्थियों सहित समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी (Quiz), स्लोगन लेखन, कार्टून निर्माण तथा भाषण प्रतियोगिता जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ई-कचरे के सुरक्षित संग्रहण, पृथक्करण और उचित निपटान का संदेश दिया।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, ज्ञान और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण करना हम सभी का दायित्व है और युवा पीढ़ी इसमें मुख्य भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए “ई-कचरे का सही प्रबंधन अपनाएँ, पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाएँ का संदेश दिया।”