सुक्खू के घर पर जश्न : परिवार की आंखों से छलके आंसू, समर्थकों ने फोड़े पटाखे
ewn24news choice of himachal 11 Dec,2022 4:57 am
नादौन। हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का ऐलान हो गया है। एचआरटीसी चालक का बेटा हिमाचल की बागडोर संभालेगा। रविवार दोपहर 12 बजे सुखविंदर सिंह शपथ लेंगे।
सुखविंदर सिंह के नाम का ऐलान होते ही हमीरपुर जिला में दिवाली जैसा माहौल हो गया। हमीरपुर के गांधी चौक में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इकट्ठे होकर जश्न मनाया।
सुखविंदर सिंह के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में भी खूब पटाखे फोड़े गए और सुक्खू के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की गई। सुखविंदर सिंह को सीएम बनाने के बाद भाई और सुखविंदर सिंह की पत्नी कमलेश ठाकुर के साथ दोनों बेटियां भी भावुक हो गईं।
सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी जाहिर की। वहीं, बेटे के मुख्यमंत्री बनने की खबर सुनते ही 85 वर्षीय माता संसार देवी की आंखों से आंसू छलक आए। उनके घर पर लोगों का तांता लग गया है और महिलाएं नाच गाना कर रही हैं।