हरिपुर। घर से खेलने के लिए निकले 17 वर्षीय किशोर का शव बनेर खड्ड में मिला है। मामला देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत हरिपुर तहसील के गांव बंगोली का है। हरिपुर पुलिस स्टेशन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से निकाला।
बता दें कि रोशित (17) पुत्र रमेश चंद निवासी गांव बंगोली ने 12वीं की परीक्षा दी थी। अभी हाल ही में परीक्षाएं समाप्त हुई थीं। शनिवार को रोशित सुबह करीब 10 बजे बाहर खेलने का कहकर निकला था। जब रोशित घर से निकला तब माता-पिता घर पर नहीं थे।
दोनों मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। शाम को जब माता-पिता घर पहुंचे तो रोशित को घर पर नहीं पाया। उन्होंने रोशित को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों को लगा कि रोशित कहीं साथ लगती बनेर खड्ड में नहाने के लिए न चला गया हो। इसलिए उसे बनेर खड्ड में ढूंढने निकले। बनेर खड्ड में जाकर देखा तो करीब 8 फीट गहरे पानी में रोशित पड़ा हुआ पाया गया। इससे परिजनों के होश उड़ गए। मामले की सूचना पंचायत प्रधान गुरदयाल को दी गई। प्रधान ने पुलिस स्टेशन हरिपुर में सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से देर रात करीब 12 बजे कड़ी मशक्कत के बाद शव को बनेर खड्ड से निकाला। रोशित के कपड़े और मोबाइल बनेर खड्ड किनारे कुछ दूरी पर पाए गए। पुलिस ने रोशित के शव का देहरा में पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों के हवाले कर दिया। रोशित का एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है। घर में माता-पिता के अलावा बूढ़ी दादी है।