ऊना। हिमाचल के ऊना जिला का पारा 42 डिग्री पहुंच गया है। आठ शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री क्रॉस कर गया है। अगले 3-4 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। 27 अप्रैल को दर्ज अधिकतम तापमान की बात करें तो शिमला का 28.2, सुंदरनगर का 36.8, भुंतर का 34.5, धर्मशाला का 33, नाहन का 35.8, सोलन का 33, मनाली का 26.4, कांगड़ा का 37 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मंडी का 36.6, बिलासपुर का 37.9, हमीरपुर का 37, चंबा का 32.8, डलहौजी का 21.5, जुब्बड़हट्टी का 32.1, कुफरी का 21.3, भरमौर का 25.4, धौला कुआं का 37.4, बजौरा का 33.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 28 अप्रैल की अपडेट के अनुसार 28, 29 और 30 अप्रैल को ऊना, कुल्लू और मंडी में हीट वेव का येलो अलर्ट है। 1 मई और दो मई को पूरे हिमाचल में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे रह सकती है। 3 और 4 मई को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो टाबो में 41 किलोमीटर प्रति घंटा, कोटखाई और रिकांगपिओ में 39 किलोमीटर प्रति घंटा और कुफरी में 37 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चली हैं।