अमरप्रीत सिंह/सोलन। हिमाचल की सोलन जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ एक व्यापक और प्रभावी अभियान चलाया है, जिसके तहत न केवल नशे की सप्लाई चेन को तोड़ा गया, बल्कि तस्करों की संपत्ति भी जब्त की गई। इस विशेष अभियान के तहत 2023 से अब तक 157 मामलों में कार्रवाई करते हुए 345 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि जिला सोलन पुलिस ने नशा मुक्त समाज की स्थापना के लिए एक व्यापक अभियान चलाया है। वर्ष 2024 में पहली बार तस्करों की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की गई, जिसमें अब तक 15 आरोपियों की 5 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
इस अभियान में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, असम समेत अन्य राज्यों से 120 से अधिक सप्लायर गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें 9 अफ्रीकी मूल के नाइजीरियन भी शामिल हैं। हम न केवल तस्करों को गिरफ्तार कर रहे हैं, बल्कि उनकी संपत्तियों को जब्त कर, नशे की सप्लाई चेन को जड़ से समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत चिट्टा तस्करी के 50 बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया है, जिससे हजारों युवाओं को नशे की चपेट में आने से बचाया गया है। इसी का नतीजा है कि सोलन में नशा तस्करी के मामलों में 26 फीसदी की कमी आई है।
इसके अलावा, सोलन पुलिस ने रुस्तम योजना के तहत युवाओं और शिक्षण संस्थानों के छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का विशेष अभियान भी शुरू किया है, ताकि समाज में नशे की मांग को भी कम किया जा सके।