मनाली। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस कुल्लू को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। 04 जुलाई 2026 को पुलिस थाना मनाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए वाहंग स्थित एक रिहायशी चादरनुमा शैड में दबिश दी।
इस छापेमारी के दौरान वहां रह रहे दीपक (21 वर्ष), पुत्र वीर बहादुर, निवासी वार्ड नं. 2, नज़दीक सर्किट हाउस, मनाली के कब्जे से 6.200 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई।
नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना मनाली में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस इस मामले की बेहद गहनता से जांच कर रही है। बरामद किए गए चिट्टे का मुख्य स्रोत (Source) क्या था, यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था, इन सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
कुल्लू जिला पुलिस ने साफ किया है कि घाटी में नशा तस्करों और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी यह अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना हो, तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें ताकि युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।