धर्मशाला। कांगड़ा जिला में धर्मशाला स्थित लाला लाजपतराय जिला मुक्त एवं सुधार गृह में अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने को लेकर शुरू हुई बहसबाजी के मारपीट में बदलने के बाद चार कैदी और जेल के चार सुरक्षा कर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला रविवार दोपहर करीब 12 बजे का है।
बता दें कि जेल प्रबंधन के साथ कैदियों की अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने की मांग को लेकर बातचीत चल रही थी। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
मामला इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। यह भी आरोप है कि झड़प के दौरान कांच की खिड़की तोड़कर कांच के टुकड़ों से भी एक-दूसरे पर वार किए गए। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं।
घायल कर्मचारियों में हेड कांस्टेबल राकेश वर्मा, सूरज, अजीत और शिवराम शामिल हैं। इन्हें उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा ले जाया गया है।
मामले की सूचना मिलते ही धर्मशाला पुलिस स्टेशन से टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। घायल कैदियों का जोनल अस्पताल धर्मशाला में उपचार और मेडिकल करवाया गया। वहीं, घायल जेल कर्मचारियों को टांडा अस्पताल भेजा गया।
कार्यकारी प्रभारी, जिला कारागार धर्मशाला राजेश का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दी गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस स्टेशन धर्मशाला ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।